ग्राम पंचायतों के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगेगा सूचना बोर्ड,विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
# जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन.ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों के मुख्य प्रवेश द्वार पर ग्राम सूचना बोर्ड लगाए जाएं,ताकि ग्रामीणों और आगंतुकों को गांव की महत्वपूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।सूचना बोर्ड पर गांव की जनसंख्या,मतदाताओं की संख्या,ग्राम प्रधान का नाम,भू-जल की स्थिति,प्रमुख उपलब्धियां तथा विलेज सिटीजन चार्टर अंकित किया जाएगा।

कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।उन्होंने एमडीएम शेड,अमृत सरोवर, तालाब,आंगनबाड़ी केंद्र और अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।बैठक में मनरेगा के तहत सक्रिय जॉब कार्ड धारकों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने, ग्राम पंचायतों में नियमित मास्टर रोल जारी करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों के आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने अमृत सरोवरों को मॉडल के रुप में विकसित करने के लिए वहां ओपन जिम,वॉकिंग ट्रैक, ट्री गार्ड,प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने को कहा।साथ ही सभी नए सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए फ्लैग पोल स्थापित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने विकास कार्यों का डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन अनिवार्य करते हुए प्रत्येक परियोजना की डिजिटल डायरी तैयार करने,खंड विकास अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, डीसी मनरेगा,सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


















