ग्रीन चौपाल में गूंजा हरित संदेश, ग्रामीणों को पौधरोपण व कार्बन फाइनेंस की दी जानकारी
# फलदार व सहजन के पौधे वितरित, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने का आह्वान
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को वन रेंज के अंतर्गत नौली ग्राम सभा में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को पौधरोपण,पौधों के संरक्षण तथा कार्बन फाइनेंस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरुरी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के”एक पेड़ मां के नाम”अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए सभी से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।अधिकारियों ने कार्बन फाइनेंस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बड़े पैमाने पर पौधरोपण और उनका संरक्षण भविष्य में किसानों के लिए कार्बन क्रेडिट के माध्यम से अतिरिक्त आय का स्रोत बन सकता है।उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक सुरक्षा का भी आधार बन रहे हैं।

ग्रीन चौपाल के दौरान किसानों को ग्राफ्टेड आम, अमरूद और आंवला के पौधे वितरित किए गए,जबकि महिलाओं को पोषण एवं औषधीय गुणों से भरपूर सहजन (मोरिंगा) के पौधे दिए गए।अधिकारियों ने सहजन के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए इसे प्रत्येक घर में लगाने की सलाह दी।कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान रोशन लाल,वन दरोगा अनुज यादव,अखिलेश कुमार, जय हिंद सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


















