पीएम सूर्य घर योजना में जौनपुर को ‘ए’ श्रेणी, लक्ष्य से 130 प्रतिशत अधिक सोलर इंस्टालेशन
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जौनपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।जून 2026 में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 130 प्रतिशत सोलर इंस्टालेशन पूरा करने पर जनपद को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में ‘ए’श्रेणी मिली है।शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन.की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की प्रगति का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जून 2026 तक जिले में कुल 5,044 सोलर इंस्टालेशन पूरे हो चुके हैं।जून माह में 600 इंस्टालेशन का लक्ष्य निर्धारित था,जिसके सापेक्ष 780 इंस्टालेशन कर 130 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।डीएम ने बैंक और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोलर इंस्टालेशन से जुड़े सभी लंबित मामलों की रिपोर्ट 9 जुलाई तक उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने विद्युत विभाग के खंड-2 और खंड-4 के अधिकारियों को नेट मीटर कॉन्फिगरेशन और लंबित निरीक्षण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में डिफॉल्टर सोलर वेंडरों के खिलाफ आरसी जारी करने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से बकाया बिजली बिल समय से जमा करने की अपील करते हुए कहा कि निरीक्षण पूरा होने के बाद अनुदान की राशि शीघ्र उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।बैठक में परियोजना निदेशक,जिला ग्राम्य विकास अभिकरण,परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, विद्युत विभाग,बैंक अधिकारियों तथा पंजीकृत सोलर वेंडरों ने भाग लिया।


















