घरेलू कलह से क्षुब्ध सिपाही ने फंदे से लटककर दी जान
खैर, अलीगढ़।
तहलका 24×7
क्षेत्र के अंडला गांव में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक सिपाही ने घरेलू कलह से परेशान होकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।गांव निवासी 28 वर्षीय हरीशंकर पुत्र भगवान सिंह वर्ष 2018 में यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुए थे।

वर्तमान में उनकी तैनाती एत्मादपुर थाना में थी।वह कुछ दिन पहले अवकाश पर अपने गांव आए थे।बताया जा रहा है कि चार दिन पूर्व पत्नी अपनी छह वर्षीय बेटी को लेकर बिना बताए दोदपुर स्थित मायके चली गई थी। इसके बाद से हरीशंकर मानसिक तनाव में थे।उनके पिता तीन वर्षीय नाती को दवा दिलाने के लिए अलीगढ़ गए थे।इसी दौरान हरीशंकर ने कमरे में पंखे से रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया।

पिता जब घर लौटे तो बेटे का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची खैर थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सीओ खैर संजीव कुमार तोमर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















