चकबंदी कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप,सीएम से जांच कराए जाने की मांग
शाहगंज (जौनपुर)।
एखलाक खान
तहलका 24×7
तहसील के अधिवक्ता अमरेंद्र सिंह ने चकबंदी विभाग में भ्रष्टाचार और कर्मचारियों द्वारा शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर पत्र भेजकर गोपनीय जांच कराए जाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।अधिवक्ता अमरेन्द्र कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री समेत उच्च अधिकारियों को प्रेषित पत्र में आरोप लगाया है कि चकबंदी न्यायालय तथा चकबंदी अधिकारी कार्यालय में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा आम लोगों का शोषण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नामांतरण, वरासत व पत्रावली से संबंधित कार्यों में आमजन व अधिवक्ताओं से पैसे की मांग की जाती है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब तक पेशकार,चकबंदी कर्मी,लेखपाल,चकबंदी अधिकारी व अन्य संबंधित कर्मचारियों को धन नहीं दिया जाता,तब तक कार्यों में अनावश्यक अड़चनें डाली जाती हैं।इससे आम लोग और अधिवक्ता परेशान हो रहे हैं।

पत्र में यह भी कहा गया है कि चकबंदी न्यायालय व कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों की कार्यशैली से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं।शिकायतकर्ता ने शासन से मांग की है कि चकबंदी न्यायालय व कार्यालय की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए,ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

















