चरखी दादरी में बीच सड़क गैंगवार! स्कॉर्पियो पर बरसीं ताबड़तोड़ गोलियां,करीब 30 राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप
# कोर्ट से कुछ दूरी पर वारदात, रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नवीन बॉक्सर के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा
चरखी दादरी।
तहलका 24×7
हरियाणा के चरखी दादरी में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई,जब कोर्ट से कुछ दूरी पर बीच सड़क एक स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि हमलावरों ने स्कॉर्पियो को चारों तरफ से निशाना बनाते हुए गोलियां बरसाईं।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से प्रसारित हो रही है।इसमें रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे नवीन बॉक्सर के नाम से इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।हालांकि,तहलका 24×7 इस पोस्ट की स्वतंत्र रुप से पुष्टि नहीं करता है।फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरु कर दी है।साथ ही हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या गैंगवार से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि,पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।सबसे गंभीर बात यह कि फायरिंग की वारदात कोर्ट से कुछ ही दूरी पर बताई जा रही है।

ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियारों से लैस बदमाशों द्वारा गोलीबारी किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमलावर किस वाहन से आए थे।फिलहाल घटना में किसी के घायल या हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।


















