सीएम योगी ने लखनऊ में किया ‘तिरंगा यात्रा-युवाओं के साथ’ का शुभारंभ
# 5-कालिदास मार्ग से विधान भवन तक निकली यात्रा,बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने लिया हिस्सा
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राष्ट्र प्रेम,राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को उत्तर प्रदेश में‘हर घर तिरंगा अभियान’के तहत‘तिरंगा यात्रा-युवाओं के साथ’कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5,कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा यात्रा कालिदास मार्ग से विधान भवन तक निकाली गई।इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भाग लिया।यात्रा के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी प्रदान करना है। यात्रा में शामिल युवाओं में देशभक्ति को लेकर उत्साह नजर आया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर देश की एकता,अखंडता और गौरव के प्रति समर्पण का संदेश दिया।उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।‘हर घर तिरंगा’अभियान के तहत प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


















