छेड़खानी में पकड़े गए युवकों ने कान पकड़कर मांगी माफी
# पुलिस से बोले वो हमारी बहनें हैं, दोबारा गलती नहीं होगी
आगरा।
तहलका 24×7
वो हमारी बहनें हैं, दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी’। लड़कियों से छेड़खानी में पुलिस ने चार युवकों को पकड़ा तो उनके होश फाख्ता हो गए। वे कान पकड़कर पुलिस से माफी मांगते नजर आए। शहर में छात्राओं से छेड़खानी के दो वीडियो सामने आए थे। इसके बाद से आरोपी युवकों पर कार्रवाई की मांग की जा रही थी। लव जिहाद का भी आरोप लगाया गया था। 

सोशल मीडिया पर छेड़खानी का पहला वीडियो सामने आया था। यह शनिवार की सुबह 7.30 बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में कॉलेज के बाहर बाइक खड़ी कर एक युवक उतरता है। इसके बाद स्कूल ड्रेस में खड़ी पांच छात्राओं के पास जाता है। यहां उसके दो साथी भी खड़े रहते हैं। युवक कुछ बोलता है तो दूसरी लड़कियां वहां से हट जाती हैं। इस पर युवक सरेराह एक छात्रा का हाथ पकड़कर गली में खींच ले जाता है। इसके बाद चारों छात्राएं बाइक के पास आ जाती हैं। सभी युवक विशेष समुदाय के हैं। वे छात्राओं से अभद्रता करते नजर आए।

दूसरा वीडियो भी इसी दिन की सुबह 6.46 बजे के आसपास सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें दो युवक बाइक से आते हैं, वे वहां खड़ी छात्रा से छेड़छाड़ करते हैं। छात्रा कुछ कहने की कोशिश करती है तो एक लड़का उसे हाथ दिखाता है। वहां पर दो अन्य छात्राएं भी खड़ी नजर आती हैं। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि युवक और छात्राएं एक-दूसरे को लंबे समय से जानती हैं। दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अजय तोमर ने कहा था कि मामला लव जिहाद का है। हिंदू लड़कियों को लव जिहाद का शिकार बनाया जा रहा है। इस मामले में पुलिस और प्रशासन को तत्काल जांच करके कार्रवाई करनी चाहिए। इसके बाद पुलिस ने वीडियो के जरिए युवकों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया।

आगरा पुलिस कमिश्नरेट की एसीपी महिला सुरक्षा डॉ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में है। जिस जगह की घटना है वहां वुमेन सेफ्टी सेल की टीम जांच करने के लिए भेजी गई। एसीपी सदर विनायक भोंसले ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर चार आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया गया है। चारों भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कह रहे हैं, वे माफी मांग रहे हैं।
















