जनरल बोगी में सीट को लेकर विवाद में युवक की हत्या
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट को लेकर हुए विवाद में एक यात्री की मौत हो गई।घटना के दौरान बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे, जबकि मौके पर तैनात आरपीएफ कर्मियों के सामने ही मारपीट होती रही।घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, योगा एक्सप्रेस के स्टेशन पर पहुंचते ही जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच भारी धक्का-मुक्की शुरु हो गई।इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद निवासी पंकज धामा का कुछ सहयात्रियों से विवाद हो गया।देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साए यात्रियों ने पंकज धामा को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरु कर दिया।इस दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।

वायरल वीडियो में आरपीएफ कर्मी बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं।बाद में गंभीर रुप से घायल पंकज को भीड़ से निकालकर प्लेटफॉर्म पर लिटाया गया।घटना की सूचना पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















