54 करोड़ की भूमि खरीद घोटाले में बड़ी कार्रवाई,आईएएस के बर्खास्तगी की संस्तुति
देहरादून।
तहलका 24×7
उत्तराखंड में चर्चित भूमि खरीद प्रकरण में राज्य सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए एक आईएएस अधिकारी की सेवा से बर्खास्तगी की संस्तुति की है।इसके अलावा दो आईएएस और एक पीसीएस अधिकारी समेत कुल 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।मामले ने प्रदेश की नौकरशाही में हलचल मचा दी है।जानकारी के अनुसार,मामला सरकारी प्रयोजन के लिए खरीदी गई एक भूमि से जुड़ा है।

आरोप है कि करीब 14 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को 54 करोड़ रुपये में खरीद लिया गया,जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।शिकायतों के बाद शासन स्तर पर मामले की जांच कराई गई।जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया।सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर दोषी मिले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरु की गई।शासन ने आईएएस अधिकारी वरुण चौधरी की सेवा से बर्खास्तगी की संस्तुति केंद्र सरकार को भेज दी है।

वहीं दो अन्य आईएएस अधिकारियों और एक पीसीएस अधिकारी के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है।सूत्रों के अनुसार,इस मामले में कुल 12 अधिकारियों और कर्मचारियों पर निलंबन,विभागीय जांच तथा मुकदमा दर्ज करने जैसी कार्रवाई की गई है। सरकार का कहना है कि सरकारी धन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस कार्रवाई को राज्य सरकार का भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।सचिवालय से लेकर जिला स्तर तक प्रशासनिक अमले में इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा है।


















