जीते जी पत्नी का कराया पिंडदान, सोशल मीडिया पर लिखा “स्वर्गीय” पीड़िता पहुंची थाने
फिरोजाबाद।
तहलका 24×7
जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।पति ने अपनी जीवित पत्नी का पिंडदान कर उसका वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस पर साझा कर दिया और पत्नी के नाम के आगे ‘स्वर्गीय’ लिख दिया। मामले की जानकारी होने पर पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़िता दीपा स्वर्णकार जो मूल रुप से झारखंड की रहने वाली हैं,पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वर्ष 2014 में उन्होंने फिरोजाबाद के नगला विष्णु निवासी जितेंद्र प्रकाश से प्रेम विवाह किया था।उनके दो छोटे बच्चे हैं।दीपा का आरोप है कि शादी के बाद से पति, सास, ननद और देवर दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रुप से प्रताड़ित करते रहे। उनका कहना है कि 30 जुलाई को भी ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट की।

जान का खतरा महसूस होने पर वह कमरे में छिप गईं और किसी तरह अपनी जान बचाई।उन्होंने दावा किया कि पति द्वारा जान से मारने की धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।पीड़िता के अनुसार, 2 अगस्त को पति ने उनका जीते जी पिंडदान कर दिया और उसका वीडियो अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया। विरोध करने पर पति ने कहा कि वह उसके लिए मर चुकी है और अब उसके साथ नहीं रहेगा।

दीपा ने पुलिस से पति समेत सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।मामले में इंस्पेक्टर रमित कुमार आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है।उन्होंने कहा कि पति शराब पीने का आदी बताया जा रहा है और गुस्से में उसने पत्नी का पिंडदान कर दिया।आरोपी पति फरार है,जिसकी तलाश की जा रही है।पुलिस ने कहा है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















