प्रेमिका के घर सो रहे युवक की चाकू घोंपकर हत्या,पांच बच्चों की मां से था प्रेम संबंध
मऊ।
तहलका 24×7
जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मुंगेश्वर सुल्तानपुर स्थित कांशीराम आवास में रविवार देर रात प्रेमिका के घर सो रहे युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी 35 वर्षीय असगर के रुप में हुई है।पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।प्रेमिका समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार,गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र के मछली बाजार निवासी असगर अपने परिवार के साथ मऊ के मुंशीपुरा मोहल्ले में रहते थे और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।बताया जा रहा है कि उनका कांशीराम आवास में रहने वाली पांच बच्चों की मां शहजादी से प्रेम संबंध था।शहजादी का पति बाहर रहकर काम करता है और उसकी गैर मौजूदगी में असगर अक्सर उसके घर आता-जाता था।

घटना के बाद शहजादी ने पुलिस को फोन कर बताया कि रात करीब तीन बजे एक अज्ञात व्यक्ति दरवाजा खुलवाकर घर में घुसा और उसके “पति”पर धारदार चाकू से हमला कर फरार हो गया।मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि मृतक उसका पति नहीं, बल्कि प्रेमी असगर था,जिससे महिला के कथनों पर संदेह गहरा गया।

मृतक के भाई अफसर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटनास्थल पर सीओ सिटी नितेश प्रताप सिंह,थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने शहजादी और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।मामले के सभी पहलुओं,विशेषकर प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश,को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

















