जौनपुर : अगस्त क्रांति दिवस पर सपाईयों ने निकाली तिरंगा यात्रा
# अमर शहीदों के बलिदान का पूरा देश है ऋणी- शैलेंद्र यादव ललई
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
नगर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर निकाली गई यात्रा का नेतृत्व पूर्व राज्यमंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने किया। उन्होंने सभी से अपने घरों में तिरंगा लहराने का आह्वान किया। इस दौरान सैकड़ों सपा कार्यकर्ता देशभक्ति के नारे लगाते और महापुरुषों के पोस्टर लिए कस्बे भर में घूमे और पूरा नगर तिरंगामय हो गया।

बता दें कि 1942 में आठ अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन चलाने का फैसला किया गया था और उसके दूसरे दिन से यह आंदोलन जमीन पर उतरा था। तब से 9 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के तौर पर मनाने की परंपरा रही है। इसी मौके पर पूर्व राज्यमंत्री शैलेंद्र यादव ललई के नेतृत्व में मंगलवार को सपाइयों ने तिरंगा हाथ में लेकर पूरे नगर का भ्रमण किया। यात्रा रोडवेज से शुरू हुई और जेसीज चौक, मुख्य मार्ग होते हुए एराकियाना चौराहे पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान सपाइयों के हाथों में तिरंगे के साथ महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और राम मनोहर लोहिया जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरें थीं और होठों पर देशभक्ति के नारे थे।


















