जौनपुर : ओवरटेक करने में दर्शनार्थियों की बस हाई-वे पर गड्ढे में गिरी, 14 घायल
# सभी दिल्ली के एक ही कालोनी के रहने वाले, निकले थे तीर्थ यात्रा पर
जौनपुर। विश्व प्रकाश श्रीवास्तव तहलका 24×7 जफराबाद थाना क्षेत्र के हौज गांव के पास राज्य मार्ग पर दिल्ली से बनारस काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु से भरी बस ओवरटेक करने में दर्शनार्थियों की बस शनिवार की शाम को वाराणसी लखनऊ राजमार्ग हौज गांव के पास गड्ढे में चली गई। बस गिरते ही चीख पुकार मच गयी। जिसमे 14 दर्शनार्थी घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय गांव वाले वातानुकूलित बस के खिड़की के शीशे को तोड़कर सभी को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया। अन्य दर्शनार्थियों को पास के एक निजी होटल में पहुंचाया।
शनिवार को शाम 4:00 बजे दिल्ली द्वारिका सेक्टर 19 से वातानुकूलित बस 45 श्रद्धालुओं को लेकर काशी विश्वनाथ दर्शन करने के लिए जा रही थी। रात भर चालक लगातार बस को चलाते हुए बनारस के लिए जा रहा था। हौज गांव के पास राजमार्ग पर एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। संयोगवश बस पलटी नहीं। लेकिन गड्ढे में जाने से बस में गंभीर झटके की वजह से श्रद्धालु घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीण दौड़ कर बस की तरफ पहुंचे। बस का शीशा तथा गेट सब लाक था। अंदर चीखने चिल्लाने की आवाज आ रही थी। ग्रामीणों ने बुद्धिमानी दिखाते हुए बस के शीशे को तोड़ दिया। सभी को बस से बाहर निकालने में लग गए। जोरदार झटके की वजह से सभी श्रद्धालु घबराए हुए चिल्ला रहे थे। कुल 45 श्रद्धालुओं में से 5 पुरुष तथा 40 महिला थी।
सूचना पर पहुंचे जफराबाद थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी, एसपी सिटी, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 30 श्रद्धालुओं को हौज में स्थित त्रिलोक होटल में ठहराने की व्यवस्था किया। घायल श्रद्धालुओं में सभी सही सलामत बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शहर डॉक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि बस चालक को झपकी लगने के कारण यह घटना हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सभी तीर्थ यात्री दिल्ली से बस द्वारा वाराणसी जा रहे थे कुल 14 लोग घायल है। बाकी को स्थानीय होटलों में ठहराया गया है सभी को इलाज के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह सभी लोग दिल्ली के द्वारका नगर 9 सोसाइटी के रहने वाले हैं यह सभी दर्शन करने निकले थे।सभी को हल्की फुल्की चोट आई है।