जौनपुर : कृषि की कार्ययोजना एवं सन्तुलित खेती से बढ़ेगी आमदनी
बदलापुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
कृषि विभाग द्वारा शुक्रवार को कृषि सूचना तन्त्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत बदलापुर ब्लाक सभागार में रबी उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कृषि की कार्ययोजना बनाकर सन्तुलित खेती द्वारा किसानों की आय दूनी करने के उपाय, विपणन व्यवस्था, मृदा स्वास्थ्य, पराली प्रबंधन, रबी फसलों के वेहतर उत्पादन वाली तकनीकीयो एवं लाभकारी कृषि योजनाओं से विशेषज्ञों द्वारा किसानों को प्रशिक्षित किया गया।
अपर जिला कृषि अधिकारी डा. रमेश चंद्र यादव ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने हेतु सन्तुलित खेती के साथ- साथ कृषि की कार्ययोजना बनाकर पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मधुमक्खी पालन, रेशम उत्पादन, मशरूम उत्पादन अति आवश्यक है, ताकि कृषि विविधीकरण अपनाते हुए विभिन्न स्रोतों से अपनी आय में वृद्धि कर किसान अपनी समृद्धि कर कृषि का सतत विकास कर सकते है।

उन्होंने कहा कि किसानों को अब खेती को आजीविका के साधन के रूप में नही बल्कि उद्यम के रूप में अपनाने की आवश्यकता है। इसमे कृषि तथा संबंधित विभागों पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, मंडी का सहयोग किसान भाइयों को लेना होगा। डा. यादव ने गोष्ठी में किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, कृषि सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण, कृषि यंत्रीकरण, गन्ना उत्पादन तकनीक, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, मत्स्य तालाब प्रबंधन, अन्तः फसली खेती एवं प्राकृतिक खेती की जानकारी विस्तार से दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत सचिव संतोष दूबे तथा संचालन एडीओ एजी. सतई राम ने किया। इस मौके पर एडीओ एजी राकेश यादव, सतेन्द्र सिंह, एसके सिंह, राम किशोर यादव, कमलेश, राम सहाय पांडेय, रोमा देवी, सुनीता, मीना देवी आदि सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


















