जौनपुर : खुदाई के दौरान तांबे के लोटे में मिले सोने के सिक्के, पुलिस ने किया जब्त
मछलीशहर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
नगर के कजियाना मोहल्ला में शौचालय निर्माण के लिए गड्ढे खोदा जा रहा था। इस दौरान मजदूरों को एक तांबे का लोटा मिला जिसमें सोने के सिक्के देख कर मजदूरों की आंखें चमक उठीं हालांकि उन्होंने इस बात की भनक किसी को नहीं लगने दी। किसी तरह जानकारी के बाद पुलिस ने सिक्कों को कब्जे में ले लिया है। सभी सिक्के अंग्रेजी हुकूमत के समय के हैं। मजदूरों से पूछताछ जारी है। कुछ मजदूर फरार हैं।

मछलीशहर पुरानी बाजार की मलका राइन की बेटी कजियाना मोहल्ले में रहती है। मकान के एक भाग में शौचालय निर्माण के लिए गड्ढे की खुदाई हो रही थी। मजदूर राजाबाबू और उसके पांच साथी काम कर रहे थे। करीब ढाई फीट भूमि खोदने के बाद एक बर्तन खनखना उठा। देखा तो वो तांबे को लोटा था। खोलने पर उसमें सोने के सिक्के दिखे। पहले तो भूत प्रेत के डर से उसे फेंक दिया, मगर फिर मजदूरों का मन बदला और जेब में सिक्के भरकर चलते बने। इस बात की भनक उन्होंने किसी को भी नहीं लगने दी। अगले दिन फिर से वो मौके पर पहुंचे और गड्ढे की खुदाई में जुट गए। मलका राइन के बेटे को किसी मजदूर ने सोने के सिक्के मिलने वाली बात बता दी। इसके बाद उसने काम कर रहे मजदूरों से सिक्का वापस मांगा तो उसे एक सिक्का दिया गया। शाम होते-होते घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची। प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक मौके पर पहुंचे। मलका राइन के पुत्र के साथ मजदूरों के पास गए।



















