जौनपुर : घटना के दूसरे दिन भी रीठी में तैनात रही कई थानों की पुलिस फोर्स
# दहशत का माहौल कायम, अधिकांश दुकानें रही बंद
सिकरारा।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
रीठी बाजार में सोमवार की शाम दो प्रत्याशियों जद यू के धनंजय सिंह व सपा के लकी यादव के समर्थकों के बीच मारपीट, पथराव और फायरिंग को लेकर मंगलवार को भी दहशत का माहौल बना हुआ है। अधिकतर दुकानें बंद रहीं। एहतियात के तौर पर सशस्त्र पुलिस जवान तैनात हैं। पथराव में क्षतिग्रस्त चार बाइकें पुलिस थाने ले जाकर पंजीयन संख्या के आधार पर छानबीन में जुटी है। गोली से घायल सपा कार्यकर्ता का बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।

रीठी इंटर कालेज मतदान केंद्र पर सोमवार को फर्जी मतदान को लेकर दिनभर दो उम्मीदवारों जद यू के धनंजय सिंह व सपा के लकी यादव के समर्थकों में नोकझोंक होती रही। मतदान समाप्ति के बाद एक पक्ष के कुछ लोग रीठी बाजार में पहुंचकर हवाई फायरिग व पथराव करने लगे। बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पता चलने पर दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए। इस दौरान पथराव व गोली चलने लगी। पैर में गोली लगने से ककोहिया गांव निवासी सपा कार्यकर्ता 27 वर्षीय संदीप यादव घायल हो गया। दो और लोगों को भी हल्की चोटें आईं। पथराव में चार बाइक, कई दुकानें व ठेले क्षतिग्रस्त हो गए।



















