जौनपुर : जाम के झाम से निपटने के लिए व्यापारियों की प्रशासनिक अधिकारी संग बैठक
# पटरी दुकानदारों को वेंडिंग जोन में किया जाएगा शिफ्ट
# व्यस्तम क्षेत्रों में पार्किंग स्थल किये जाएंगे चिन्हित
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
उप जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने साफ तौर पर कहा कि कोतवाली रोड और घासमंडी चौक पर पटरी दुकान और ठेले नहीं लगने दिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि उन दुकानदारों की रोजी-रोटी का ख्याल रखा जाएगा और वेंडिंग जोन बनाकर उन्हें वहां शिफ्ट किया जायेगा। मेनरोड और घासमंडी चौक पर खड़ी मोटर साइकिलों से लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए जल्द ही पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी। एसडीएम ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद में व्यापार मंडल और पटरी दुकानदारों के साथ हुई बैठक में उक्त बातें कही।

बता दें कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार कस्बे में दो दिनों से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चल रहा है। इस अभियान के चलते ठेले और पटरी दुकानदारों की रोजी पर बुरा प्रभाव पड़ा है। शुक्रवार को इसी पर बातचीत के लिए नगर पालिका परिषद में बैठक बुलाई गई। अध्यक्षता कर रहे एसडीएम नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि लगातार 15 दिनों तक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से स्वत: ही अनुशासन की अपील की। इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष रविकांत जायसवाल ने जाम के लिए सड़कों पर लगे बिजली के खंभों को भी जिम्मेदार ठहराया। एसडीएम ने उन्हें हटवाने की बात कही।

एसडीएम ने कहा कि वेंडिंग जोन बनाकर पटरी दुकानदारों को वहां भेजा जाएगा ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न पैदा हो। उन्होंने कहा कि दुकानदार सड़कों पर कूड़ा न फेंके। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। सड़क के दोनों पटरियों पर मोटर साइकिल से लगने वाले जाम पर उन्होंने कहा कि अलग अलग इलाकों में पार्किंग की जगह चिन्हित की गई है, जहां लोगों की गाड़ियां खड़ी कराई जाएंगी। इसके लिए आजमगढ़ रोड पर महिला अस्पताल परिसर, घासमंडी चौक पर श्रीराम जानकी मंदिर और कोतवाली रोड पर कोतवाली बाउंड्री के किनारे की जगह पर विचार चल रहा है।


















