मछलीशहर। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर गांव में स्वजातीय प्रेमी युगल ने गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे रात में जान देने की नीयत से जहर खा लिया और दोनों ने अपने हाथ की नस भी काट ली। परिजनों को पता चला तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन उन्हें गम्भीर अवस्था में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ग्राम जमालपुर में स्वजातीय लड़के और लड़की के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़के ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी है, जबकि लड़की ने इंटर की परीक्षा दी है। लड़की के उम्र में बड़ा होने के कारण और लड़के के नाबालिक होने के कारण दोनों के परिवार वाले शादी के लिए राजी नहीं थे। दोनों के मिलने जुलने पर भी अंकुश लगा दिया इससे क्षुब्ध दोनों ने जहर खाकर जान देने का फैसला कर लिया। शनिवार की रात में दोनों गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे पहुंचे और पहले से साथ लाया जहर खा लिया। इसके बाद लड़की और लड़के ने अपने अपने हाथ की नस काट ली।
रात में लड़की की मां की 12 बजे नींद खुलने पर जब उसको बिस्तर पर नहीं पाया तो घरवालों को जगा कर लड़की को ढूंढने का प्रयास किया गया। लड़की की खोज अभी चल रही थी कि लड़की बदहवास लहूलुहान हालत में स्वयं घर पहुंची और बताया कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद लोग लड़के को ढूंढते हुए प्राइमरी स्कूल के पीछे पहुंचे तो वह भी बेहोशी की अवस्था में वहां पड़ा मिला। दोनों के परिजन उनको लांद फांद कर स्थानीय सीएससी ले आए। जहां से रात में ही दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।