जौनपुर : भूमि अधिग्रहण पूर्ण हुआ तो दिसंबर में शुरू होगा हाई-वे पर काम
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
वाराणसी से मछलीशहर तक प्रस्तावित नए नेशनल हाई-वे 731 पर काम शुरू कराने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तेजी से लगा हुआ है। टेंडर और भूमि अधिग्रहण दोनों की प्रक्रियाएं तेजी से चल रही हैं। उम्मीद है कि इसी महीने दोनों पूर्ण हो जाएंगी। यदि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होगी तो दिसंबर महीने से काम भी शुरू करा दिया जाएगा।

वाराणसी से मछलीशहर होते हुए प्रयागराज तक चार जनपदों होकर गुजरने वाले इस नेशनल हाई-वे पर कुल 86 किलोमीटर में काम कराया जाना है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों की मानें तो दो पार्ट में काम कराया जाना है। एक पार्ट भदोही से वाराणसी और दूसरा भदोही से मछलीशहर, जंघई तक है। अधिशासी अभियंता मृत्युंजय यादव ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया चल रही है। भूमि अधिग्रहण की भी प्रक्रिया की जा रही है। जौनपुर और प्रयागराज में करीब 90 फीसदी अधिग्रहण हो चुका है, भदोही और वाराणसी में थोड़ा पीछे है लेकिन उम्मीद है कि वहां भी इस महीने हो जाएगा। बताया कि जौनपुर में करीब 17 और भदोही जिले में 55 किलोमीटर का हाईवे होगा। सब कुछ ठीकठाक रहा तो दिसंबर महीने से काम शुरू होने की उम्मीद है। बताया कि फॉरेस्ट एनओसी का मसला भी हल हो गया है बस आर्डर आना बाकी है।

















