जौनपुर : मामूली कहासुनी के दौरान युवक को मारी गोली

जौनपुर : मामूली कहासुनी के दौरान युवक को मारी गोली

शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
               सरपतहां थाना क्षेत्र के भिखनापुर मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर कहा-सुनी के दौरान मनबढ़ युवक ने दूसरे युवक को गोली मार दी। गोली उसकी जांघ से पार हो गई। घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात हमलावरों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। घायल को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

भिखनापुर निवासी प्रज्ज्वल सिंह (26) पुत्र राज बहादुर सिंह व चौबाहां निवासी छोटू तिवारी के बीच पुराना विवाद था। शुक्रवार दोपहर लोढ़िया गांव के पास दोनों कहासुनी करते हुए एक दूसरे को देख लेने की धमकी दे रहे थे। बताया जाता है कि छोटू तिवारी के हाथ में तमंचा था और उसके दो अन्य साथी बगल में खड़े थे। विवाद बढ़ने पर छोटू व प्रज्ज्वल आपस में गुत्थमगुत्था हो गए और इसी बीच छीना झपटी में छोटू के तमंचे से चली गोली प्रज्ज्वल सिंह की जांघ के पार हो गई। जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

गोली लगने के बाद छोटू तिवारी व उसके साथी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर प्रज्ज्वल के परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकलां ले गए। जहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भेज दिया।मामले में क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि घटना के पीछे पुराना विवाद है। प्रत्यक्षदर्शियों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों युवक किसी पुराने मामले में एक दूसरे को देख लेने की बात करते हुए आपस मे कहासुनी रहे थे। छोटू तिवारी के हाथ मे अवैध तमंचा था जिससे चली गोली प्रज्ज्वल को लगी है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
Previous articleजौनपुर : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दही-हांडी का किया गया आयोजन
Next articleजौनपुर : अमरावती चौराहे पर बनेगा पार्किंग एरिया, हटाया जा रहा अतिक्रमण
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?