जौनपुर : विश्वविद्यालय कर्मियों ने किया कुलपति कार्यालय का घेराव
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने शनिवार की सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य के कार्यालय का घेराव किया लेकिन विश्वविद्यालय के कुलपति ने कर्मचारी से मिलने की कोई जहमत नहीं उठाई।पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष रामजी सिंह, महामंत्री केशव यादव और उपाध्यक्ष रामजस मिश्रा के नेतृत्व में संघ ने शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक कुलपति कार्यालय का घेराव किया।

लेकिन कुलपति ने कर्मचारियों से मिलने की कोई जहमत तक नहीं उठाई। इसमें कर्मचारियों ने सीनियर के बजाय जूनियर कर्मचारियों को रिक्त नियमित पद के सापेक्ष विनियमित करने का विरोध जताया। जल्द से जल्द कर्मचारी समस्याओं का निराकरण किया जाए नहीं तो कर्मचारी आंदोलन का रुख अख्तियार करेंगे। कर्मचारियों ने अपनी पहली मांग रखते हुए कहा विश्व विद्यालय में कार्यरत समस्त कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची अविलम्ब प्रकाशित करते हुए रिक्त पदों को वरिष्ठता के आधार पर समायोजन किया जाए। 2001 तक संविदा, तदर्थ रूप से कार्यरत कर्मचारियों को रिक्त पदों पर विनियमितीकरण करने की कार्रवाई का सर्वसम्मति से विरोध किया गया और 1991 के 109 कर्मचारियों को नियमित पद पर समायोजित करने की बात कही गई।

















