जौनपुर : शाहगंज निकायनामा वार्ड संख्या दो…
# समस्याओं के लिहाज से दो हिस्सों में बंटा वार्ड
# पिछली बार की अपेक्षा कम इस बार बहुत कम हुआ काम
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
नगर पालिका परिषद का वार्ड नंबर 2 चमरौटी द्वितीय समस्याओं के लिहाज से दो हिस्सों में बंटा हुआ है। एक हिस्से में लोगों को कोई खास दिक्कत नहीं है लेकिन दूसरा हिस्सा सफाई, चोक नालियों और इंटरलॉकिंग की कमी से जूझ रहा है। वार्ड में बड़ी संख्या में पीएम आवास बने हैं। सामुदायिक शौचालय में टंकी लगी है लेकिन टोटी नहीं होने के चलते लोगों को बाहर से पानी लेकर जाना पड़ता है।

नगर के अंबेडकर बस्ती का पूरब हिस्सा, पुरानी बाजार और ओमशांति गली जैसे इलाके वार्ड नंबर 2 में आते हैं। वर्तमान सभासद अंबेडकर बस्ती के निवासी हैं जिसके चलते वहां व्यवस्था लगभग चाक चौबंद है। कुछ जगहों पर टूटी नालियों और क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की समस्या जरूर है लेकिन स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही। वार्ड में बने 6 खानों के सामुदायिक शौचालय में पानी की टंकी लगी थी लेकिन उसमें पानी चढ़ाने के लिए पंप नहीं है। शौचालयों से टोटियां भी गायब हैं। लोग बाहर लगे नल से पानी लेकर शौच को जाते हैं और इसे लेकर सामान्य भी दिखते हैं। शौचालय तक जाने वाला रास्ता भी बेहद खराब है। सभासद का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही से अभी तक रास्ता नहीं बन पाया।

वार्ड के शेषमणि का कहना है कि उनके घर के पास इंटरलॉकिंग और नाली करीब साल भर से बुरी तरह टूटी हुई है लेकिन शिकायत के बाद भी मरम्मत नहीं हुई। अंबेडकर बस्ती के बबलू कुमार कहते हैं कि वार्ड में सब कुछ चंगा है और सभासद की सक्रियता के चलते कोई खास दिक्कत नहीं है। सेवानिवृत्त मंडी सचिव इंद्रराज यादव और बिंदु सोनी एंव इसरावती देवी ने बताया कि उनके घर के सामने की नाली सफाई न होने और स्लैब उल्टा होने के चलते ओवरफ्लो रहती है।

जब हम पुरानी बाजार के मुख्य सड़क पर पहुंचे तो नालियां जाम और ओवरफ्लो दिखीं। गिरिजा शंकर विश्वकर्मा ने कहा कि हल्की बरसात होते ही नाली का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और खासी दिक्कत होती है। वार्ड के विनय चौरसिया अपनी गली में लगातार कहने के बावजूद इंटरलॉकिंग नहीं होने से नाराज दिखे। उनके मुताबिक कच्चा रास्ता होने की वजह से लोग कूड़ा फेंकने लगते हैं। पूर्व सभासद प्रदीप विश्वकर्मा का कहना है कि वार्ड के एक हिस्से के साथ बीते कार्यकाल में सौतेला व्यवहार हुआ है और वहां सारे काम उनके कार्यकाल में हुए हैं।

सभासद प्रेमचंद्र ने बताया कि वार्ड में 827 मतदाता हैं। 60 से ज्यादा पीएम आवास आवंटित हुए। उनके कार्यकाल में अंबेडकर बस्ती में सभी गलियों में इंटरलॉकिंग हुई। उन्होंने कहा कि भविष्य में वो जीते तो यहां सामुदायिक मैरेज हॉल बनवाना चाहते हैं ताकि लोगों को अपने कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जगह मिल सके।
















