जौनपुर : सी ग्रेड बूथ को ए ग्रेड करने की जिम्मेदारी सांसद और विधायक की- विनोद सोनकर
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
भारतीय जनता पार्टी अब आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट गई है। इसी को लेकर आज बृहस्पतिवार को लाइन बाजार स्थित इंडियन मेडिकल एशोसिएशन हाल में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बूथ सशक्तिकरण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कौशाम्बी के सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री भाजपा विनोद सोनकर उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विनोद सोनकर ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण करने के उपरांत दीप प्रज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में आए हुए मुख्य अतिथि को जिलाध्यक्ष द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने मोदी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विनोद सोनकर ने बूथ की मजबूती और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है। भारतीय जनता पार्टी आगामी कार्यक्रम के तहत होने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार और जनता के बीच में सीधा संवाद इन्हीं तीन विषयों पर बल देते हुए इसी के माध्यम से 2024 में चुनाव नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एक प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार देश और प्रदेश को निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही हैं। गरीबों और वंचितों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। जनता लगातार भाजपा को समर्थन दे रही है। इस सिलसिले को बनाए रखने के लिए पार्टी के बूथ सशक्तीकरण अभियान को बेहतर तरीके से पूरा करना है।


















