जौनपुर : हर घर तिरंगा जागरूकता अभियान का कुलपति ने किया शुभारंभ
# विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने गांधी प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम की जागरूकता का शुभारम्भ कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने गांधी वाटिका में गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की।इस अवसर पर कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हम सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का नमन करते हैं, जिनके बदौलत हम स्वतंत्र हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि जिन नामी-बेनामी शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, देश की युवा पीढ़ी को उनके बलिदान के बारे में जानकारी देकर देशभक्ति के संस्कार को सृजित करना है।

आजादी का अमृत महोत्सव सच्चे अर्थों में तभी सफलीभूत हो सकेगा। जनजागरुकता अभियान में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी जनपद के सभी शहीद स्थलों को भ्रमण कर उनके इतिहास को समझेंगे और हर घर तिरंगा फहराये जाने हेतु लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ देश के हर नागरिक के दिलो-दिमाग में देशभक्ति की भावना को उच्चतम स्तर पर ले जाने का कार्यक्रम है। इस अवसर पर अवकाश प्राप्त न्यायाधीश मंगल प्रसाद ने कहा कि भावी पीढ़ी जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को ना देखा ना भोगा है उनमें देशभक्ति की भावना भरने के लिए इस कार्यक्रम को शुरू किया गया। यह कार्यक्रम हमारे युवा मन में शहीदों के समर्पण को आत्मसात करेंगे।


















