टीएमसी में बढ़ी अंदरूनी कलह, सांसद माला रॉय के बागी खेमे में जाने की चर्चा तेज
कोलकाता।
तहलका 24×7
पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं।पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच दक्षिण कोलकाता से सांसद माला रॉय के बागी गुट में शामिल होने की अटकलों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

सूत्रों के अनुसार, दक्षिण कोलकाता की सांसद माला रॉय के असंतुष्ट खेमे के संपर्क में होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को सौंपे जाने वाले एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर सकती हैं,जिसमें कथित तौर पर एनडीए समर्थक समूह का समर्थन दर्ज कराया जाना है।हालांकि,इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि माला रॉय अपने परिवार के साथ विशेष विमान से दिल्ली रवाना हुईं।

उनके साथ उनके पति,पुत्र और पुत्री भी मौजूद थे।माना जा रहा है कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम का ऐलान कर सकती हैं।माला रॉय वर्तमान में कोलकाता म्युनिसिपल कार्पोरेशन की चेयरपर्सन भी हैं और दक्षिण कोलकाता के राजनीतिक समीकरणों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।ऐसे में उनके संभावित रुख को टीएमसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सांसदों के नेतृत्व से दूरी बनाने की चर्चाएं सामने आती रही हैं।इसी क्रम में सांसदों के एक वर्ग में असंतोष की खबरें भी राजनीतिक चर्चाओं का विषय बनी हुई हैं।इधर,पार्टी नेतृत्व की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।वहीं,टीएमसी के भीतर यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या माला रॉय पार्टी के साथ बनी रहेंगी या फिर कोई नया राजनीतिक रास्ता चुनेंगी।

















