निकाह से एक दिन पहले महिला की हत्या,घर में खून से लथपथ मिली लाश
अमरोहा।
तहलका 24×7
सैदनगली थाना क्षेत्र के उझारी कस्बे में निकाह से एक दिन पहले महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई।किराए के मकान में महिला की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा जांच शुरु कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान संभल जनपद निवासी आयशा अंसारी (40) पत्नी स्वर्गीय इदरीस के रुप में हुई है।

वह अपने चार बच्चों के साथ उझारी बस स्टैंड के पास किराए के मकान में रहती थीं।करीब पांच वर्ष पूर्व बीमारी के चलते उनके पति की मृत्यु हो गई थी,जिसके बाद वह बच्चों के साथ उझारी में रह रही थीं।परिजनों ने बताया कि आयशा का निकाह संभल निवासी परवेज से होना था।मंगलवार शाम परवेज उनके घर पहुंचा था। रात में दोनों एक ही चटाई पर सोए थे,जबकि बच्चे कमरे के बाहर सो रहे थे।

बुधवार सुबह जब बच्चे जागे तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।यह दृश्य देख बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल की बारीकी से जांच की।

इस संबंध में लखन सिंह यादव ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है,लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।

















