दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत
मिर्जापुर।
तहलका 24×7
ड्रमंडगंज घाटी में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया।चार वाहनों की हुई टक्कर में 11 लोगों की दुखद मौत हो गई।हादसा बड़का घुमान मोड़ के पास हुआ,जहां मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया।तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही अल्टो कार,बोलेरो और एक अन्य ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में आग लग गई और उसमें सवार चालक समेत नौ लोग जिंदा जल गए।वहीं अल्टो कार दोनों ट्रकों के बीच बुरी तरह दब गई,जिससे उसमें सवार चालक की मौत हो गई।इसके अलावा एक ट्रक का खलासी भी हादसे में दबकर मारा गया।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरु किया।कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो से नौ और क्षतिग्रस्त कार व ट्रक से दो शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस अधीक्षक ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की। मृतकों में से 10 की पहचान कर ली गई है।कार चालक की पहचान राबर्ट्सगंज के परसिया दुबे गांव निवासी जय प्रकाश (26) के रूप में हुई है।बोलेरो में सवार सभी नौ लोग जिगना क्षेत्र के नरैना गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


















