रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा, 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 3 की मौत
रुद्रप्रयाग।
तहलका 24×7
जनपद में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। एसडीआरएफ को सूचना मिली कि भीरी–ककोला मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई।वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था,तभी यह हादसा हो गया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ नियंत्रण कक्ष सक्रिय हुआ और पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई।अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरु किया।

घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में खाई में गिरी हुई है।वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो चुकी थी।पुलिस और प्रशासन द्वारा शवों को खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।हादसे के कारणों की जांच जारी है।

















