दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जलाने का प्रयास,पति समेत छह पर मुकदमा
खुटहन,जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
दहेज में चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है।पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने पति,सास-ससुर समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

खुटहन थाना क्षेत्र के बनुवाडीह भागमलपुर गांव निवासी चतुरदीन की पुत्री रेखा देवी ने महिला थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह 24 नवंबर 2023 को लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कन्हईपुर (चांदमारी) निवासी हरिकेश के साथ हुआ था।विवाह के दौरान उसके पिता ने चार लाख रुपये नकद,आभूषण तथा अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरुप दिए थे।आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करने लगे।

मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रुप से प्रताड़ित किया जाने लगा।पीड़िता के अनुसार,गत 30 मई की सुबह वह घर की सफाई कर रही थी।उसी दौरान पति हरिकेश,ससुर भोलानाथ,सास रामरती,जेठानी कंचन,बृजेश और अंकिता ने मिलकर उसकी लात-घूंसों और डंडों से पिटाई की।आरोप है कि इसके बाद उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया गया।

शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे उसकी जान बच गई।इसके बाद वह किसी तरह घर से निकलकर मायके पहुंची।महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत छह आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।मामले की विवेचना महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामा तिवारी कर रही हैं।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















