दहेज में बुलेट और दो लाख रुपये की मांग,नहीं पहुंची बारात,दुल्हन करती रही इंतजार
सहारनपुर।
तहलका 24×7
दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर एक शादी टूट गई।कांधला से आने वाली बारात निर्धारित समय पर नहीं पहुंची,जिससे शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।दुल्हन घंटों तक मंडप में बारात का इंतजार करती रही,जबकि रिश्तेदार और मेहमान मायूस होकर लौट गए।

थाना मंडी क्षेत्र के पुराना कलसिया रोड स्थित हसन कॉलोनी निवासी दीन मोहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी नगमा का निकाह कांधला निवासी समीर पुत्र शमशाद के साथ तय था।62 फुटा रोड स्थित ताज पैलेस में बारात आनी थी,लेकिन निर्धारित समय तक दूल्हा पक्ष नहीं पहुंचा।पीड़ित का आरोप है कि 23 जून को लड़के पक्ष के लोग पहले से तय दहेज का घरेलू सामान ले गए थे।

निकाह से ठीक पहले दूल्हा समीर,उसके भाई शाहरुख, शाहरून और गुलफाम,माता शायरा,ताया इनाम,चाचा निसार समेत अन्य परिजनों ने दहेज में बुलेट की मांग कर दी।आरोप है कि मांग पूरी न होने पर दो लाख रुपये नकद देने के लिए कहा गया और ऐसा न करने पर बारात नहीं लाने की चेतावनी दी गई।दीन मोहम्मद ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और इतनी बड़ी मांग पूरी करने में सक्षम नहीं थे।इसके चलते दूल्हा पक्ष बारात लेकर नहीं आया।

बारात न पहुंचने से शादी की सभी तैयारियां धरी रह गईं और दुल्हन समेत पूरा परिवार गहरे सदमे में आ गया। शादी के लिए तैयार भोजन भी बेकार चला गया।पीड़ित परिवार ने थाना मंडी पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के विरुद्ध दहेज प्रतिषेध अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

















