दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली,हालत गंभीर
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई।कल्ली पश्चिम क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी।गंभीर हालत में घायल कारोबारी को पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।जानकारी के अनुसार हमलावर दोपहिया वाहन से पहुंचे और पीएसएस नाम के प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय से कुछ ही दूरी पर वारदात को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की,जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद घायल प्रॉपर्टी डीलर सड़क पर गिर पड़ा।स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है,जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















