नकली पेट्रोल पंप का भंडाफोड़,10 हजार लीटर मिलावटी पेट्रोल बरामद
# पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
शाहजहांपुर।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में नकली पेट्रोल पंप चलाने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है।पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक फर्जी पेट्रोल पंप का भंडाफोड़ करते हुए करीब 10 हजार लीटर मिलावटी पेट्रोल बरामद किया है।मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।जांच के दौरान टीम को मौके से पेट्रोल पंप का फर्जी लाइसेंस भी मिला है।

आरोप है कि आरोपी बाजार से पेट्रोल खरीदकर उसमें “प्रेस्टीज कोटिंग”नामक केमिकल मिलाते थे और फिर उसे असली पेट्रोल बताकर बेचते थे।इस मिलावटखोरी से आरोपी मोटा मुनाफा कमा रहे थे। पुलिस के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में मिलावटी ईंधन बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं।इसके बाद विशेष निगरानी रखी गई और सूचना के आधार पर छापा मारा गया।कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पेट्रोल,केमिकल, टैंक और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मिलावटी पेट्रोल वाहनों के इंजन को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता था। अधिकारियों ने बताया कि जब्त पेट्रोल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी,जालसाजी,आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ था।

















