धान की नर्सरी तैयार कर रहे किसान की करंट लगने से मौत, परिवार में कोहराम
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
सरपतहां थाना क्षेत्र के चिल्हीरामपुर गांव में खेत में धान की नर्सरी तैयार कर रहे किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार,चिल्हीरामपुर निवासी स्वर्गीय नरपत सिंह के पुत्र सर्वेश सिंह (52) सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में धान की नर्सरी डालने की तैयारी करने गए थे।

काफी देर तक घर न लौटने पर उनकी बहन श्वेता उन्हें खोजते हुए खेत पहुंची।वहां उन्होंने सर्वेश को ट्यूबवेल के पास गिरे हुए देखा।बताया जा रहा है कि उनका शरीर पूरी तरह भीगा हुआ था और बिजली का तार उनके हाथ में चिपका हुआ था।बहन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार करंट लगने से उनके हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए थे और शरीर अकड़ गया था।पिता के निधन के बाद सर्वेश सिंह ही अपनी वृद्ध एवं बीमार मां फुलना देवी का एकमात्र सहारा थे।उनका परिवार गुरुग्राम में कारोबार करता है।परिवार में पत्नी सुमन,दो पुत्र रणविजय और सक्षम तथा दो पुत्रियां शालू और साक्षी हैं।सर्वेश अपनी बड़ी बेटी शालू की ही शादी कर पाए थे,जबकि अन्य बच्चों की पढ़ाई और विवाह की जिम्मेदारी अभी शेष थी।

घटना की सूचना मिलते ही पत्नी और बच्चे दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो गए।पत्नी सुमन की हालत बदहवासी में है,जबकि मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव में परिजन उनके पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।इस संबंध में थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

















