नगर पालिका में घोटालों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, मंत्री से इस्तीफे की मांग
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
नगर पालिका में तेल गबन, भ्रष्टाचार, टूटी सड़कों, तीन हत्या मामलों पर चुप्पी और गोमती घाट को निजी हाथों में सौंपने जैसी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कार्यालय से निकले विशाल जुलूस ने पालिका परिसर को हिला दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह और शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने किया। कार्यकर्ताओं ने “तेल छोड़ो, गद्दी छोड़ो” के नारे लगाते हुए मंत्री गिरीश चन्द्र यादव से इस्तीफ़ा मांगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने भाजपा सरकार और नगर पालिका अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि पालिका भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बन गया है, तीन महीने में तीन करोड़ से अधिक मूल्य का तेल घोटाला भाजपा सरकार की लूटनीति की पोल खोल रही है। शहर में विकास कार्यों की जगह सरकारी धन का बंदरबांट ही प्रमुख कार्य बन गया है। प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह ने आरोप लगाया कि मंत्री के संरक्षण में ही पालिका में गबन और अव्यवस्था पनप रही है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बूल ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्षरत है और भाजपा सरकार तथा उनके संरक्षित मंत्री गिरीश यादव की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करती रहेगी। आरिफ खान ने कहा कि गोमती घाट आस्था का केंद्र है, इसे निजी हाथों में सौंपना संस्कृति पर कुठाराघात है। कांग्रेस ने साफ कहा कि भाजपा नेताओं की लापरवाही अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और कांग्रेस उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।

इस मौके पर अरुण शुक्ला, कृष्णचंद निषाद, आशुतोष सिंह आशू, संतोष गिरी,अनिल दुबे आजाद, इरशाद खान, शैलेन्द्र यादव, अशरफ अली, मो. ताहिर, अनिल सिंह, विनय मिश्रा, राज कपूर पटेल, दीपक भट्ट, श्रीनाथ कन्नौजिया, प्रवेश निषाद, मकसूद अहमद, लाल प्रकाश पाल, सद्दाम हुसैन, तौफीक अहमद राजू, सारिक हुसैन, आशीष यादव, ज़ैद सिद्दीकी, जब्बार अली सलमानी, शब्बीर बाली, अमरनाथ यादव, रघुवंश यादव,विनय विश्वकर्मा, अमित यादव, मकसूद पिन्टू, आसिफ रजा, राशिद शेख, डा. दिवाकर मौर्या, एडवोकेट शैलेन्द्र यादव, अनुराग पांडेय आदि मौजूद रहे।

















