नौकरी के नाम पर छह लाख की ठगी,परेशान युवक ने दी जान, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
मेरठ।
तहलका 24×7
जिले के मवाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली।मृतक की पहचान मवाना खुर्द निवासी मनमोहन के रुप में हुई।आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर अपनी आपबीती बताई,जिसमें उसने एक व्यक्ति पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब छह लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया।

वीडियो में मनमोहन ने कहा कि इंचौली थाना क्षेत्र निवासी कुणाल ने सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे करीब छह लाख रुपये लिए थे।आरोप है कि न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। इसी वजह से वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।गुस्साए लोगों ने मवाना थाने के बाहर प्रदर्शन किया और सड़क जाम करने का प्रयास किया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी कुणाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है,आरोपी की तलाश जारी है।साथ ही,आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो की भी जांच की जाएगी और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

















