राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव के संकेत,पुनर्गठन की अटकलें तेज
अयोध्या।
तहलका 24×7
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं।ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट के तीन पद रिक्त होने की स्थिति बन गई है।हालांकि,अब तक ट्रस्ट को भंग करने का कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।विभिन्न स्तरों पर ट्रस्ट के पुनर्गठन और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की संभावनाओं पर चर्चा जरुर हो रही है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन फरवरी 2020 में केंद्र सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में किया था।ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास हैं,जबकि महासचिव के रुप में चंपत राय मंदिर के प्रशासनिक संचालन और प्रमुख निर्णयों की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं।डॉ.अनिल मिश्र भी ट्रस्ट के महत्वपूर्ण निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के बीच चंपत राय और डॉ.अनिल मिश्र ने नैतिक आधार पर अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।

इससे ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में रिक्तियां बढ़ गई हैं और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।सूत्रों के अनुसार,राम मंदिर में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में चढ़ावा,श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या,सुरक्षा,निर्माण कार्य,लेखा-जोखा और मानव संसाधन जैसे कार्यों को देखते हुए जवाबदेही और वित्तीय निगरानी को और मजबूत करने पर विचार किया जा रहा है।इसी वजह से प्रशासनिक ढांचे में बदलाव और पुनर्गठन की चर्चाएं तेज हैं।हालांकि,ट्रस्ट के भंग होने संबंधी किसी भी निर्णय की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

















