पीएम आवास के बाहर राहुल-प्रियंका का धरना, मोदी सरकार से इस्तीफे की मांग, कई कांग्रेस नेता हिरासत में

पीएम आवास के बाहर राहुल-प्रियंका का धरना, मोदी सरकार से इस्तीफे की मांग, कई कांग्रेस नेता हिरासत में

नई दिल्ली। 
तहलका 24×7 
              राजधानी दिल्ली में छात्र आंदोलन और कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी,कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास,लोक कल्याण मार्ग के निकट धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सोमवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया और बड़ी संख्या में छात्रों के साथ दुर्व्यवहार हुआ।प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में इस विषय पर चर्चा नहीं होने दी जा रही है और छात्र न्याय की मांग कर रहे हैं।कांग्रेस का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर हुई कार्रवाई की जवाबदेही तय होनी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार,प्रधानमंत्री आवास के निकट प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया तथा इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब दिल्ली में परीक्षा प्रणाली और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे हैं और राजनीतिक दल भी इस मुद्दे पर आमने-सामने हैं।
Previous articleजवाहर नवोदय विद्यालय में क्षेत्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, पहले दिन वाराणसी के मुक्केबाज़ों का दबदबा
Next articleपीड़ित परिवार की मदद को आगे आया उद्योग व्यापार मंडल, नवजात के इलाज का उठाया जिम्मा
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?