जवाहर नवोदय विद्यालय में क्षेत्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य आगाज़,पहले दिन वाराणसी के मुक्केबाज़ों का दबदबा
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, गज़ोखर में मंगलवार से दो दिवसीय क्षेत्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ।प्रतियोगिता का उद्घाटन पिंडरा के एसडीएम कुंदन राज कपूर ने दीप प्रज्वलित कर किया।उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं और ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।खेलों से शारीरिक फिटनेस,मानसिक दृढ़ता,अनुशासन और खेल भावना का विकास होता है।

नवोदय विद्यालय समिति,लखनऊ संभाग के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के 10 जिलों मुजफ्फरनगर,हरदोई,कौशांबी, लखनऊ,मऊ,चंदौली,भदोही,कुशीनगर,पिथौरागढ़ तथा मेजबान वाराणसी के जवाहर नवोदय विद्यालयों से आए करीब 162(बालक एवं बालिका मुक्केबाज़)अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।विद्यालय के प्राचार्य नागेश कुमार मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी।

उपप्राचार्य कनक पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूजा पाल ने किया। उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।इस अवसर पर शिवानंद उपाध्याय,सुमेश मौर्य,रामाश्रय यादव,देवेंद्र यादव,दिनेश यादव,आर्यन त्रिपाठी,कमलेश कुमार, सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित क्रीड़ा प्रशिक्षक,शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

# पहले दिन वाराणसी के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में मेजबान वाराणसी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा।बालक वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में जेएनवी चंदौली के हिमांशु ने जेएनवी लखनऊ के अभिनव को पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई।

इसके अलावा 46 किग्रा वर्ग में आशुतोष विश्वकर्मा,46-48 किग्रा में आनंद चौहान,48-50 किग्रा में आदर्श पाल तथा विभिन्न भार वर्गों में राधेकृष्ण, हर्षित धनंजय,किशन कुमार और वेदांत सिंह ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले बुधवार को खेले जाएंगे।


















