पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
खुटहन पुलिस की शुक्रवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों से हुई मुठभेड़ में एक अंतरजनपदीय बदमाश गोली लगने से घायल हो गया,जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों के कब्जे से देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस,एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के अनुसार,बिशुनपुर नहर पुलिया पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया,लेकिन वे सुईथाखुर्द की ओर भाग निकले।पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई में रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव निवासी भेला थाना सरपतहां के बाएं पैर में गोली लग गई।वहीं उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू निवासी शाहपुर फिरोजपुर,थाना जलालपुर जनपद अंबेडकर नगर को गिरफ्तार कर लिया।

घायल रिंकू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक रिंकू यादव थाना सरपतहां का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध जौनपुर सहित विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी का उपचार पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है,जबकि दूसरे आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।


















