प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने कराई पति की हत्या,पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
सहारनपुर।
तहलका 24×7
थाना सदर बाजार पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त गमछा और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिन्दल एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में थाना सदर बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को शाकंभरी विहार तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में समरयाब उर्फ समरा पुत्र अब्दुल हसन निवासी ग्राम ताहरपुर थाना कोतवाली देहात तथा अफसाना पत्नी स्वर्गीय मुशाद निवासी ग्राम ताहरपुर शामिल हैं।पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिन्दल ने प्रेसवार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी समरयाब ने स्वीकार किया कि उसके अफसाना के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध थे।इसी कारण वह अक्सर मृतक मुशाद के घर आता-जाता था।

कुछ समय पहले मुशाद को दोनों के संबंधों पर शक हो गया था,जिसके चलते घर में विवाद होने लगा था।
आरोपी ने बताया कि मुशाद नशे का आदी था और घर का सामान भी बेच देता था,जिससे अफसाना परेशान रहती थी।करीब एक सप्ताह पहले अफसाना ने पति को रास्ते से हटाने की बात कही,जिसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

योजना के तहत 20 को समरयाब ने मुशाद को शराब पीने के बहाने गांव के बाहर एक खाली प्लॉट में बुलाया।वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी।जब मुशाद अधिक नशे में हो गया तो आरोपी ने गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरु कर दी।


















