फिरौती के लिए अपहरण करने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
जौनपुर/लखनऊ।
एखलाक /विजय आनंद
तहलका 24×7
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की स्वाट एवं सर्विलांस टीम तथा चिनहट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फिरौती के लिए अपहरण करने के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के तिसौली गांव निवासी संजय (30) पुत्र जयप्रकाश के रुप में हुई।पुलिस के अनुसार चिनहट थाने में वर्ष 2024 में फिरौती के लिए अपहरण से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में वादी कर्मवीर सिंह ने आरोप लगाया था कि आरोपितों ने अपहरण कर फिरौती की मांग की थी। जांच के दौरान प्रकरण में तीन आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था,जबकि मुख्य नामजद आरोपी संजय फरार चल रहा था।पुलिस ने बताया कि संजय की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के साथ ही बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत उद्घोषणा और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी।

बाद में न्यायालय ने उसे मफरूर घोषित करते हुए स्थायी वारंट जारी किया था।आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।सोमवार को स्वाट, सर्विलांस टीम और चिनहट पुलिस की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित रोडवेज बस स्टॉप से आरोपी को गिरफ्तार किया।पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ अयोध्या जिले के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी,जालसाजी, कूटरचना और ठगी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।वह नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामलों में भी आरोपी रहा है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


















