बच्चे को पशुओं का इंजेक्शन लगाने का आरोप,छह दिन बाद इलाज के दौरान मौत
बिजनौर।
तहलका 24×7
मंडावर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।परिजनों ने पड़ोसी युवक पर विवाद के दौरान बच्चे को पशुओं में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।छह दिन तक उपचार के बाद मेरठ के अस्पताल में बच्चे ने दम तोड़ दिया।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

मंडावर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कस्साबान स्थित आयशा कॉलोनी निवासी रेशमा पत्नी गुलजार कुरैशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 जून की शाम उनकी बेटी मस्जिद से पढ़कर घर लौट रही थी।आरोप है कि रास्ते में पड़ोसी अरमान कुरैशी ने उसकी पिटाई कर दी।बेटी के शोर मचाने पर रेशमा अपने सात वर्षीय बेटे रूहान के साथ मौके पर पहुंचीं तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। रेशमा का आरोप है कि इसी दौरान पप्पू कुरैशी और अल्लू कुरैशी भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे।

उनका कहना है कि झगड़े के दौरान अरमान कुरैशी ने उनके बेटे रूहान को पशुओं में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन लगा दिया।घटना के बाद बच्चे की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।उसे उपचार के लिए मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन ही मंडावर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी।उधर,पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

















