बसपा की अहम बैठक संपन्न, संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारी पर जोर
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
बसपा सुप्रीमो मायावती की अध्यक्षता में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने,विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जनाधार बढ़ाने को लेकर विस्तृत रुप से मंथन किया गया।बैठक में मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाए।

उन्होंने मजबूत और जन-उपयोगी प्रत्याशियों के चयन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।मायावती ने कहा कि देश के सामाजिक और आर्थिक हालात काफी कड़वे और दुखद हैं।लोगों के लिए आत्म-सम्मान के साथ जीवन जीना मुश्किल होता जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों समर्थक राजनीति के कारण आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है और सरकारें अपनी कल्याणकारी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रही हैं।

उन्होंने रोजी-रोटी,रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकारों को गंभीरता से काम करने की नसीहत दी।साथ ही विरोधी दलों की संकीर्ण राजनीति से बचने की अपील करते हुए कहा कि बीएसपी के पक्ष में जनरुझान लगातार बढ़ रहा है।बैठक में पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार सरकार बनाने के मिशन पर फोकस किया गया।मायावती ने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर बीएसपी और उनके नेतृत्व पर विश्वास जताएगी।


















