बस की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत,चालक गिरफ्तार
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार युवक सड़क पर जा रहा था,तभी पीछे से तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही युवक बस के पिछले पहिये के नीचे आ गया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।मृतक की पहचान विवेकानंद सिंह (48) निवासी सिरजहांपुर, थाना पवई,जनपद आजमगढ़ के रुप में हुई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।वहीं,हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।नगर के व्यस्त आजमगढ़ मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की मांग की है।


















