बाग में मिला लापता बुजुर्ग महिला का शव
# 1.20 करोड़ रुपये की बेची थी जमीन, दो दिन पहले हुईं लापता
लखनऊ।
तहलका 24×7
बीकेटी थाना अंतर्गत मामपुर गांव में दो दिन पहले लापता बुजुर्ग महिला का शव बाग में मिला। शव मिलते ही हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि उसने हाल ही में 1.2 करोड़ रुपये की जमीन बेची थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस के मुताबिक मामपुर गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला रजाना (65) के पति फकीरे की मौत के बाद वह अकेली रहती थीं। पूछताछ में पता चला कि उसने जनवरी में 1 करोड़ 20 लाख रुपये में अपनी जमीन बेची थी। इस पैसे से उसने अपने और अपने भतीजे के नाम पर बाराबंकी में जमीन खरीदी थी। रैथा गांव निवासी भतीजा मेवालाल बुजुर्ग महिला की देखरेख करता था।

दूसरे भतीजे बाबूलाल ने बताया कि वह 6 मार्च की सुबह खाना लेकर गया था। 7 मार्च को जब वह दोबारा पहुंचा तो घर पर ताला लगा हुआ था। जिसके बाद उसने 112 पर सूचना दी और बीकेटी थाने में गुमशुदगी की शिकायत की। रविवार सुबह गांव के बुजुर्ग मंगलू और अन्य लोगों ने सागौन के बाग में शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

एसीपी बीकेटी अमोल मुर्कुट ने कहा फील्ड यूनिट को जांच के लिए बुलाया गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह साफ हो सकेगी।

















