मकान का लिंटर गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 4 घायल, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
सुलतानपुर।
तहलका 24×7
निर्माणाधीन मकान का लिंटर ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। कई मजदूर मलबे में दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू शुरु किया और घायलों को सीएचसी, गंभीर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मलबे में दबे तीन मजदूरों को एनडीआरएफ टीम ने गैस कटर से काटकर शव बाहर निकाले।दुर्घटना लंभुआ थाना क्षेत्र के धुरिया गांव की है।

हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी कुमार हर्ष, एसपी कुंवर अनुपम सिंह, सीडीओ अंकुर कौशिक, एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला, एएसपी अखंड प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक संदीप राय ने बताया कि जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। मकान के मलबे से 4 लोगों को निकालकर सीएचसी भेजा गया। घटना में 3 लोगों की मौत हो चुकी है।

हादसे के बाद अयोध्या से पहुंची एसडीआरएफ टीम ने रात 12:30 बजे मजदूर आनंद (23) पुत्र गिरिजा शंकर निवासी अर्जुनपुर लंभुआ का शव मलबे से निकाला।कुछ ही समय बाद आनंद के भाई विक्रम (20) और हिमांशु (22) के शव भी मलबे से बाहर निकाले गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लिंटर के मलबे से यह शव दब गए थे, जिन्हें गैस कटर से काटकर बाहर निकाला गया।

थाना प्रभारी संदीप राय ने बताया कि धारियामऊ गांव निवासी राम तीरथ के भवन की छत ढालते समय अचानक लिंटर भरभराकर गिर गया। इसमें आधा दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने रेस्क्यू कर के सुभाष (36) पुत्र बैताली, निवासी धारियामऊ, अफसर अली (40) पुत्र समीउल्ला, रवि सरोज (26) पुत्र महेंद्र सरोज निवासी सकरा बाजार प्रतापगढ़ और अरुण कुमार को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। जहां से रवि सरोज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
















