मिल्लत नगर में चरमराई बिजली व्यवस्था,भीषण गर्मी में उपभोक्ता परेशान
# लो वोल्टेज व अघोषित कटौती से जनजीवन प्रभावित,आंदोलन की चेतावनी
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
जौनपुर रोड स्थित मिल्लत नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पिछले कई दिनों से चरमराई हुई है।लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से क्षेत्रवासियों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।भीषण गर्मी के बीच लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है,जिससे उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है तो कभी वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि पंखे,कूलर और अन्य घरेलू उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर पाते।इससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है।क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि समस्या की शिकायत कई बार विभाग के अधिकारियों से की गई,लेकिन अब तक कोई प्रभावी समाधान नहीं निकाला गया।उनका कहना है कि एसडीओ,लाइनमैन और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है,लेकिन अधिकांश समय फोन तक रिसीव नहीं किए जाते।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. तारिक शेख ने विभाग के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बुजुर्ग,बीमार और छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में पेयजल की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होंगे।लोगों ने जिला प्रशासन और विभाग के उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप कर क्षेत्र में नियमित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।


















