रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव,पहचान नहीं
बीबीगंज, जौनपुर।
अनूप जायसवाल
तहलका 24×7
गोडिला रेलवे फाटक के समीप गुरुवार देर रात रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम डाउन रेलवे लाइन पर पहुंची,जहां करीब 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।हालांकि,मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया,लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।मृतक ने हरे रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का हाफ लोअर पहन रखा था।प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।शिनाख्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















