लोढ़न गोलीकांड में क्रॉस एफआईआर से उठे सवाल,घायल पक्ष पर भी हत्या के प्रयास का मुकदमा
वाराणसी।
तहलका 24×7
शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़न गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई गोलीबारी के बाद दर्ज की गई क्रॉस एफआईआर को लेकर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है।घटना में गोली लगने से घायल युवक का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है,जबकि उस पक्ष के विरुद्ध भी हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।घायल पक्ष के अतुल उपाध्याय का आरोप है कि 19 जुलाई को हुई घटना में उनके बेटे को गोली लगी थी।

उनका कहना है कि घटना के बाद थाना स्तर पर उन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया गया।आरोप है कि जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो अगले ही दिन विपक्षी पक्ष की तहरीर के आधार पर उनके और घायल बेटे व अन्य लोगों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।वहीं,विपक्षी ने अपनी एफआईआर में आरोप लगाया है कि अतुल उपाध्याय और उनके साथियों ने हथियारों से हमला कर उनके पुत्र को गंभीर रुप से घायल कर दिया।इसी शिकायत के आधार पर शिवपुर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।गोली लगने वाले पक्ष पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किए जाने से पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर विधिक प्रक्रिया के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं और मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। घायल पक्ष ने उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप,फोरेंसिक और बैलिस्टिक जांच कराने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।उनका कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही वास्तविक घटनाक्रम सामने आ सकेगा।


















